दरभंगा के विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई : नीतीश मिश्रा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 22 मई 2026: दरभंगा शहर में चल रही शहरी विकास योजनाओं को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों को चेतावनी देते हुए कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दरभंगा नगर निगम की प्रमुख आधारभूत संरचना और विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंत्री नीतीश मिश्रा ने की, जबकि दरभंगा के विधायक संजय सरावगी समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दरभंगा शहर में संचालित और प्रस्तावित विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी हों। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की शिथिलता सरकार गंभीरता से लेगी।

जलापूर्ति, सीवरेज और सड़क परियोजनाओं पर विशेष जोर

समीक्षा बैठक में जलापूर्ति, सीवरेज, सड़क निर्माण, नाला निर्माण और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिन प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा हुई उनमें जलापूर्ति परियोजना, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना, बस स्टैंड परियोजना, मोक्षधाम निर्माण योजना तथा तालाबों के पुनरुद्धार और जीर्णोद्धार से जुड़ी योजनाएं शामिल रहीं।

इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण, लिगेसी वेस्ट के बायो-रेमिडिएशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

आवास और आजीविका योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री हर घर नल का जल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय शहरी आजीविका मिशन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

साथ ही दरभंगा आयोजना क्षेत्र, प्रस्तावित संशोधित आयोजना क्षेत्र, विशेष क्षेत्र और कोर एरिया के विकास की भावी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

“दरभंगा के सुनियोजित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध”

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि दरभंगा के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर, विशेष सचिव राजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा, अपर सचिव मनोज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article