भागलपुर में महान समाज सुधारक और ‘आधुनिक भारत के जनक’ राजा राममोहन राय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर अधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ डीआरडीए के निदेशक सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर राजा राममोहन राय के योगदान को याद किया।

इस मौके पर अधिकारियों ने उनके समाज सुधार, शिक्षा के प्रसार और महिलाओं के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट