NEWS PR डेस्क: पटना/वैशाली, 26 मई 2026। असम में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के हवलदार समरजीत कुमार सिंह के आकस्मिक निधन से बिहार में शोक की लहर है। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित शीतलपुर चकमैगर गांव निवासी 32 वर्षीय समरजीत कुमार सिंह देश सेवा के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) मंत्री संजय सिंह ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात एक जांबाज सैनिक का इस तरह असमय निधन पूरे राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

अपने शोक संदेश में मंत्री संजय सिंह ने कहा कि हवलदार समरजीत कुमार सिंह ने राष्ट्र सेवा के प्रति अदम्य समर्पण का परिचय दिया। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार और समाज परिवार के साथ खड़ा है। मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

समरजीत कुमार सिंह के निधन की खबर मिलते ही उनके गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ जवान बताते हुए श्रद्धांजलि दी।