NEWS PR डेस्क: पटना, 26 मई। भीषण गर्मी के बीच होम डिलीवरी और कुरियर सेवा से जुड़े कर्मियों को राहत देने के लिए बिहार सरकार ने बड़ी पहल की है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने पटना नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर में डिलीवरी कर्मियों के लिए शेड और पेयजल केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन सेवाओं और होम डिलीवरी का दायरा तेजी से बढ़ा है। ऐसे में बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय और कुरियर कर्मी तेज धूप और अत्यधिक गर्मी में लगातार काम कर रहे हैं। सरकार उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील है।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां डिलीवरी कर्मियों को धूप से राहत मिल सके। इसके साथ ही वहां स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पेयजल केंद्र स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि यह केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि ये कर्मी हर दिन लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करते हैं, इसलिए उनकी देखभाल और सुविधा सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

बैठक में शहर में तेजी से बढ़ रही ई-कॉमर्स गतिविधियों, होम डिलीवरी सेवाओं और कुरियर नेटवर्क से जुड़े कर्मियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गर्मी के मौसम में इन कर्मियों के लिए राहत व्यवस्था जल्द शुरू की जाए।
बैठक में बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर और पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।