NEWS PR डेस्क: पटना, 26 मई। बिहार पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) यानी CSBC ने सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा की तिथि में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली थी, लेकिन उसी दिन NEET-UG 2026 परीक्षा होने के कारण बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई तारीख जारी की है।
CSBC द्वारा जारी सूचना के मुताबिक अब विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत होने वाली बिहार पुलिस सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा 28 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह भर्ती बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी अधीनस्थ संवर्ग में 993 पदों के लिए निकाली गई है।
परीक्षा का आयोजन एक ही पाली में होगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 2 बजे तक चलेगी। वहीं अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
पर्षद ने यह भी जानकारी दी है कि उम्मीदवार 15 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने परीक्षा केंद्र जिले और परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा ई-एडमिट कार्ड 22 जून 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे। अगर किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी आती है, तो वह 26 जून 2026 को पटना स्थित CSBC कार्यालय से डुप्लीकेट प्रवेश पत्र हासिल कर सकता है।
CSBC ने साफ किया है कि परीक्षा की तारीख में बदलाव के अलावा भर्ती प्रक्रिया से जुड़े बाकी सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी नए अपडेट के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।