NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 31 मई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 302 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बन रहे बेली ब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।
भागलपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से जुड़ी विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने विक्रमशिला सेतु के समीप निर्माणाधीन बेली ब्रिज का जायजा लिया और अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री समीक्षा भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक पुल का सुपर स्ट्रक्चर पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा होने पर वे स्वयं भागलपुर आकर पुल का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब तक बेली ब्रिज पूरी तरह चालू नहीं हो जाता और लोगों को गंगा नदी पार करने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है, तब तक राज्य सरकार की ओर से निशुल्क नाव सेवा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे दिन प्रशासनिक महकमे में गतिविधियां तेज रहीं। वहीं, विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास और विक्रमशिला सेतु को लेकर की गई घोषणाओं से क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुल का निर्माण पूरा होने से भागलपुर सहित आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा।