7 जून तक लंबित राजस्व आवेदनों का करें निपटारा, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 01 जून। जिले में लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बेनीपुर और बहेड़ी प्रखंड के सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को 7 जून तक सभी लंबित आवेदनों का निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार और राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड कर उनके निष्पादन की प्रक्रिया तेज करें।

बैठक के दौरान एक मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। समीक्षा में पाया गया कि एक राजस्व कर्मचारी ने आवेदक के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद आवेदन वापस कर दिया था। इस पर डीएम ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को संबंधित कर्मचारी के निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता (राजस्व) और संबंधित डीसीएलआर की संयुक्त समिति गठित करने का आदेश दिया गया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

जिलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी हो, उनमें आवेदकों से आवश्यक कागजात प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों आवश्यक हैं।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य पूरा करने और उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

इसके अलावा जमाबंदी सुधार से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, डीसीएलआर बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह सहित सभी अंचलाधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article