भोजपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 40 दारोगा और एएसआई का तबादला

भोजपुर: एक साथ 40 दारोगा और एएसआई इधर से उधर, एसपी ने जारी किया आदेश

Rashmi Tiwari

भोजपुर जिले में अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने और विधि-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भोजपुर पुलिस प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अधिकारियों का तबादला किया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज के निर्देश पर करीब दो वर्षों से एक ही थाने में पदस्थापित 40 दारोगा और एएसआई को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। एसपी के अनुसार तबादलों का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों के अनुसंधान में गति लाना, पुलिसिंग को प्रभावी बनाना और विभिन्न थानों की कार्यक्षमता को बेहतर करना है।


कई थानों को मिले अतिरिक्त अनुसंधान अधिकारी
जारी आदेश के तहत सबसे अधिक सात अधिकारियों की तैनाती नवादा थाना में की गई है। वहीं नगर थाना और जगदीशपुर थाना को पांच-पांच, कोईलवर तथा मुफस्सिल थाना को तीन-तीन, जबकि बड़हरा और उदवंतनगर की अनुसंधान इकाई को दो-दो अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर थाना भेजे गए अधिकारी: धोबहां थाने के अपर थानाध्यक्ष दारोगा अभिषेक कुमार, अजीमाबाद के अपर थानाध्यक्ष दारोगा राजू कुमार, नारायणपुर थाने के दारोगा कन्हैया कुमार यादव, आयर थाने के एएसआई जगन्नाथ और कृष्णगढ़ थाने के एएसआई संदीप कुमार चंदेल को नगर थाना भेजा गया है। नवादा थाना भेजे गए अधिकारी: तरारी थाने से दारोगा विनोद कुमार, कृष्णगढ़ थाने से सचिन कुमार, हसन बाजार थाने से दारोगा स्मिता कुमारी, सत्येंद्र सिंह, तरारी थाने से एएसआई हरे राम साह, सिकरहट्टा थाने से संतोष कुमार, अजीमाबाद से संजय राम और नारायणपुर थाने से एएसआई हरिलाल राउत को नवादा थाना की जिम्मेदारी दी गई है।


अनुसंधान इकाइयों को किया गया मजबूत
मुफस्सिल थाना की अनुसंधान इकाई में रामा शंकर बैठा, अमर दीप भगत और हंस नाथ गुप्ता की तैनाती की गई है। उदवंतनगर अनुसंधान इकाई में प्रभात कुमार और ममता कुमारी को भेजा गया है।इसी तरह कोईलवर, बड़हरा और जगदीशपुर थानों की अनुसंधान इकाइयों में भी कई अनुभवी अधिकारियों की पोस्टिंग कर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।


विधि-व्यवस्था इकाइयों में भी बदलाव
तबादला सूची में कई अधिकारियों को विधि-व्यवस्था इकाइयों में भी नई जिम्मेदारी दी गई है। कुछ अधिकारियों को विभिन्न थानों से स्थानांतरित कर खवासपुर, कृष्णगढ़, नारायणपुर, धोबहां और अन्य थानों में पदस्थापित किया गया है।

Share This Article