NEWS PR डेस्क: पटना, 02 जून। बिहार में शहरी विकास और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में राज्य की प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने राज्य में प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भूमि उपलब्धता, आधारभूत संरचना विकास तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाएं राज्य के शहरीकरण, आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृतियों और अन्य प्रक्रियाओं में आने वाली बाधाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि 11 सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध होगा।
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतिश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव एवं प्रबंध निदेशक बिहार राज्य आवास बोर्ड निलेश रामचंद्र देवरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।