सेल्फ स्टडी और मेहनत का कमाल, पांच बेटियां बनीं बिहार पुलिस का हिस्सा

बिना कोचिंग सेल्फ स्टडी से मिली सफलता, गांव में जश्न का माहौल, बेटियां बनीं प्रेरणा

Rashmi Tiwari

बिहार के गया जिले के बोधगया प्रखंड स्थित बंगाल बीघा गांव ने एक अनोखी उपलब्धि के साथ इतिहास रच दिया है। यहां एक ही परिवार की पांच बेटियों और बहू का चयन बिहार पुलिस में हुआ है, जिससे पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस सफलता ने न केवल परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

एक ही परिवार की पांच महिलाओं ने पाई सफलता
बंगाल बीघा निवासी रामजी यादव की पुत्रियां प्रीति कुमारी और रीति कुमारी का चयन बिहार पुलिस में हुआ है। वहीं झारखंड पुलिस में एसआई पद पर कार्यरत राम लखन यादव की पुत्री रुधा कुमारी, किसान विजय यादव की पुत्री सोनम कुमारी तथा किसान सिकंदर यादव की बहू सिंकू देवी ने भी बिहार पुलिस में चयन हासिल किया है।एक ही परिवार से पांच महिलाओं के चयन की खबर फैलते ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया।


बिना कोचिंग के हासिल की सफलता
सफलता प्राप्त करने वाली इन युवतियों ने बताया कि उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। पूरी तैयारी सेल्फ स्टडी और यूट्यूब के माध्यम से की गई। सभी साथ मिलकर पढ़ाई करती थीं और रोज सुबह शारीरिक फिटनेस के लिए मैदान में दौड़ लगाती थीं।उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो किसी भी परीक्षा में सफलता पाना संभव है।
परिवार में खुशी का माहौल
बेटियों और बहू की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। परिवार ने इस उपलब्धि को गर्व और सम्मान का क्षण बताया। बोधगया के बंगाल बीघा गांव की यह सफलता अब ग्रामीण क्षेत्रों की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो बड़े सपने देखती हैं। यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि संसाधनों की कमी के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article