विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भागलपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भागलपुर वन प्रमंडल के तत्वावधान में सैंडिस कम्पाउंड और जयप्रकाश उद्यान में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पौधारोपण करते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने एक भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को “एक वृक्ष अपने पुरखों के नाम” अवश्य लगाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर व्यक्ति को एक पेड़ अपने नाम, एक पेड़ अपने परिवार के सदस्यों के नाम और एक पेड़ अपने पूर्वजों के नाम लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी अपने पूर्वजों से भावनात्मक रूप से जुड़ सकेंगी।उन्होंने कहा, “जब भी हम उस वृक्ष को देखेंगे, उसकी छांव में बैठेंगे या उसके फल का सेवन करेंगे, तब हमें अपने पुरखों की याद आएगी। यह प्रकृति और पारिवारिक मूल्यों को जोड़ने का एक सुंदर माध्यम बन सकता है।”

डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, पुलिस अधीक्षक (नगर), वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भागलपुर के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपाय है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट