चलती ट्रेन से उतरना पड़ा भारी, RPF की तत्परता से सुरक्षित बची महिला

Rashmi Tiwari

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक महिला यात्री की जान बचा ली। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हुई इस घटना में कुछ ही सेकंड की फुर्ती ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। जानकारी के अनुसार, RPF के उप निरीक्षक संतोष कुमार स्टेशन परिसर में नियमित गश्त पर थे।

इसी दौरान ट्रेन संख्या 13072 डाउन जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची। ट्रेन के चलने के दौरान एक महिला यात्री उतरने का प्रयास कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा रेलवे ट्रैक के बीच बने गैप की ओर फिसलने लगी।


स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उप निरीक्षक संतोष कुमार ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने तेजी दिखाते हुए महिला को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और साहस के कारण एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान 25 वर्षीय शिद्रा वेगम के रूप में बताई।

सुरक्षित बचाए जाने के बाद महिला ने RPF अधिकारी का आभार व्यक्त किया। वहीं, घटना को अपनी आंखों से देखने वाले यात्रियों ने भी RPF जवान की तत्परता और बहादुरी की जमकर सराहना की। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article