आर्मी जवान हत्याकांड में पुलिस दबिश का असर, वांछित आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

Shreya Raj
आर्मी जवान हत्याकांड में वांछित आरोपी दिलीप कुमार यादव, जिसने पुलिस दबिश के बाद मोहनिया अनुमंडलीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।

NEWS PR डेस्क:कैमूर: आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव हत्याकांड में वांछित प्राथमिकी अभियुक्त दिलीप कुमार यादव ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद शनिवार को अनुमंडलीय न्यायालय, मोहनिया में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, दिलीप यादव रामगढ़ थाना कांड संख्या 258/26, दिनांक 9 सितंबर 2026 में नामजद आरोपी है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और 124(1) के तहत मामला दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

9 सितंबर को आर्मी जवान को पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई थी आग

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव, पिता बुल्लू यादव, को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई थी। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे।

इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।

मोहनिया SDPO के नेतृत्व में गठित हुई थी SIT

आरोपी दिलीप कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दिलीप कुमार यादव, पिता मिथिलेश यादव, मूल रूप से खरिका, थाना राजपुर, जिला बक्सर का रहने वाला है और उसका वर्तमान पता सहूका, थाना रामगढ़, जिला कैमूर बताया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर 25 सितंबर को इश्तेहार भी चिपकाया था।

लगातार कार्रवाई के बाद कोर्ट पहुंचा आरोपी

पुलिस की लगातार कार्रवाई, संभावित ठिकानों पर दबिश और घर पर इश्तेहार चिपकाए जाने के बाद आखिरकार दिलीप कुमार यादव ने शनिवार को अनुमंडलीय न्यायालय, मोहनिया में आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। शत्रुघ्न यादव हत्याकांड में पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेष दुबे

Share This Article