NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 12 जून। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही, कारा विभाग में कक्षपाल तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को डीआरडीए सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और अपर समाहर्ता मुकेश रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर किया गया, जिसमें सभी संबंधित केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
14 और 17 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मद्य निषेध सिपाही, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय के कक्षपाल तथा परिवहन विभाग के चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4,236 रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 14 जून 2026 (रविवार) और 17 जून 2026 (बुधवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में संपन्न होगी।

प्रथम पाली के अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। पहली पाली में सुबह 9 बजे तथा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी होंगे परीक्षा संयोजक
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा को परीक्षा संयोजक (एग्जाम कोऑर्डिनेटर) तथा पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार को सहायक परीक्षा संयोजक (एग्जाम को-कोऑर्डिनेटर) नामित किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने परीक्षा संचालन एवं समन्वय के लिए कई तेज-तर्रार अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पर विशेष जोर
बैठक में अधिकारियों ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए। बताया गया कि प्रत्येक तिथि और पाली के लिए अलग-अलग परीक्षा कोड एवं प्रश्नपत्रों के रंग निर्धारित किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की संभावना को रोका जा सके।
सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करें।
अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें। साथ ही प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र अपने साथ अवश्य रखें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा, निगरानी और समन्वय की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित और बेहतर परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।
