NEWS PR डेस्क : बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने रविवार को भागलपुर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में केवल क्रमिक नहीं, बल्कि व्यापक और परिवर्तनकारी बदलाव देखने को मिले हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ अब सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है, जिससे देश आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने जनधन-आधार-मोबाइल (JAM) ट्रिनिटी को सरकार की पारदर्शी व्यवस्था की आधारशिला बताया। उनके अनुसार इस प्रणाली ने बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर लाभार्थियों तक सीधे सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नीतीश मिश्रा ने दावा किया कि इस व्यवस्था के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये की लीकेज को रोका गया है और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के कारण लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मंत्री ने कहा कि देश में सड़क, रेलवे, हवाई अड्डों और बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जहां देश में 74 हवाई अड्डे थे, वहीं अब इनकी संख्या 160 से अधिक हो गई है। रेलवे के विद्युतीकरण में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
डिजिटल इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में हर महीने 18 अरब से अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन हो रहे हैं, जो भारत की तकनीकी प्रगति और पारदर्शी व्यवस्था का प्रमाण है। कोरोना महामारी के दौरान भारत की भूमिका पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि देश ने न केवल स्वदेशी वैक्सीन विकसित की, बल्कि कई देशों को सहायता भी प्रदान की। महामारी के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से उभरी है और आज भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल है।
उन्होंने कहा कि बिहार को डबल इंजन सरकार का लाभ मिल रहा है और केंद्र सरकार की परियोजनाओं को राज्य में प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति मिल रही है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल भारत को आत्मनिर्भर बनाने, वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा बढ़ाने और जनकल्याण सुनिश्चित करने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने अंत में कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और वैश्विक स्तर पर उसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
