NEWS PR डेस्क: पटना, 17 जून। बिहार की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल और राज्य सरकार के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था में कटौती को लेकर सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब लालू यादव से उनकी सुरक्षा कम किए जाने के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त लेकिन तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हां, सुरक्षा कम हुई है। नीतीश कुमार सब कुछ किया।”
बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सहयोगी और प्रतिद्वंद्वी दोनों की भूमिका निभा चुके लालू यादव और नीतीश कुमार के रिश्तों में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद और तल्खी देखने को मिल रही है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से राजद और सरकार के बीच कई मुद्दों पर विवाद जारी है।

एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को खाली कराने को लेकर विवाद बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर लालू परिवार को मिली सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव भी राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
इस बीच, लालू यादव का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें वे पटना की सड़कों पर बिना सरकारी सुरक्षा घेरे के वाहन से सफर करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
