बगहा में बाइक सवार से लूटपाट, हत्या की कोशिश; मौके से मिला जिंदा कारतूस

नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार को बनाया निशाना, मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटकर फरार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क, बगहा: पश्चिम चंपारण के बगहा में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण मंगलवार देर शाम देखने को मिला। रामनगर-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर चार नकाबपोश बदमाशों ने एक बाइक सवार को रोककर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि उसकी हत्या का भी प्रयास किया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सुनसान रास्ते पर अपराधियों ने बनाया निशाना
घटना रामनगर और भैरोगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित मसान नदी एवं जूड़ा पकड़ी के बीच बांसगांव जाने वाली खूटी नदी के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र निवासी सतीश चंद्र पांडेय मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने वाहन से घर लौट रहे थे।


इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने का प्रयास किया और उनकी जेब से मोबाइल फोन तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।पीड़ित ने किसी तरह अपराधियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस हरकत में आई।
मौके से मिला जिंदा कारतूस
सूचना मिलते ही रामनगर और भैरोगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। बरामद कारतूस के बाद पुलिस इस घटना को और गंभीरता से देख रही है।घटना दो थाना क्षेत्रों की सीमा पर होने के कारण शुरुआत में जांच को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में रामनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच अपने हाथ में ली और पीड़ित के आवेदन के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article