ससुराल आए दामाद को तीन दिन तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

ससुराल पहुंचे युवक को तीन दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कराई रिहाई।

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क, भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां ससुराल आए एक युवक को कथित तौर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को मुक्त कराया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।


वायरल वीडियो के बाद खुला मामला
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर निवासी 26 वर्षीय केसर आलम के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं। बताया जाता है कि केसर आलम पटना में मजदूरी करता है। कुछ समय पहले उसका छोटा साला भी उसके साथ पटना में रह रहा था। इसी दौरान साले पर कुछ लोगों की जेब से पैसे निकालने का आरोप लगा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर केसर आलम ने अपने साले की पिटाई कर दी थी, जिसके बाद से ससुराल पक्ष उससे नाराज चल रहा था।
बच्चे की छठी में पहुंचा, फिर बना विवाद का केंद्र
परिजनों के अनुसार, केसर आलम अपने बच्चे की छठी समारोह में शामिल होने के लिए चंद नगर स्थित ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से नाराज परिजनों ने उसे रोक लिया और घर में बंधक बनाकर लगातार तीन दिनों तक मारपीट की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कराया मुक्त
वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जानकारी युवक के परिजनों तक पहुंची। इसके बाद परिजनों ने नवगछिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और युवक को मुक्त कराने की मांग की। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम चंद नगर गांव पहुंची और युवक को ससुराल से बाहर निकालकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पत्नी ने भी मारपीट के आरोप की पुष्टि की
घायल युवक की पत्नी रुखसाना खातून ने भी अपने पति के साथ मारपीट किए जाने की बात कही है। उनका आरोप है कि उनके भाइयों और अन्य परिजनों ने उनके पति को बंधक बनाकर पीटा। उन्होंने कई बार हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन में कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अस्पताल में भी हुआ हंगामा
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा था। इसी दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई। अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में अस्पताल के बाहर भी दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच झड़प होने की सूचना है। इस घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए, जिनका इलाज कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन प्राप्त हुआ है। वायरल वीडियो समेत सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article