NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने राज्य में चीनी उद्योग के पुनरुद्धार, निवेश को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकारियों को निर्देश दिया।

बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, चीनी मिलों की अद्यतन स्थिति, गन्ना उत्पादन की स्थिति तथा बिहार गन्ना उद्योग प्रोत्साहन नीति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही 9 बंद चीनी मिलों के पुनर्जीवन तथा 25 नई चीनी मिलों की स्थापना की कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनर्जीवन और नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। रैयाम, सकरी, सासामुसा, मधौरा, मोतीपुर, समस्तीपुर, चकिया, चनपटिया एवं मोतिहारी सहित बंद चीनी मिलों वाले क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने के लिए तेजी से काम करें। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंपारण क्षेत्र को देश के प्रमुख गन्ना उत्पादन क्षेत्रों में विकसित करने के लिए विभाग विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम करें। गन्ना उत्पादन बढ़ाने, उत्पादकता में सुधार लाने तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार गन्ना उद्योग प्रोत्साहन नीति-2026 के तहत अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने, निवेशकों को प्रोत्साहित करने तथा चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, औद्योगिक विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास हेतु सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
बैठक में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
