गया में सफाईकर्मी निकले शातिर चोर! दिन में रेकी, रात में चोरी; नगर निगम के 4 कर्मियों समेत 8 गिरफ्तार !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : गया में अगर आपके घर के आसपास कोई सफाईकर्मी घूम रहा है, तो जरा सावधान हो जाइए! क्योंकि यहां सफाईकर्मी की आड़ में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दिन के उजाले में नगर निगम के सफाईकर्मी बनकर बंद मकानों की रेकी करते थे और रात होते ही उन्हीं घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इस गिरोह में नगर निगम के चार सफाईकर्मी शामिल निकले हैं। पुलिस ने कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महावीर नगर का है। बीते 15 नवंबर को छठ महापर्व के दिन चोरों ने मुखिया के घर समेत दो बंद मकानों को निशाना बनाया था। दोनों परिवार छठ मनाने अपने गांव गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोर लाखों रुपये के सामान और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की तकनीकी अनुसंधान और एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।

सफाईकर्मी करते थे रेकी, दुकानदार खरीदते थे चोरी के गहने

जांच में सामने आया कि गिरोह के चार सदस्य नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे। इनमें दो पहले धनबाद नगर निगम में भी काम कर चुके हैं। ये दिन में इलाके में घूमकर बंद घरों की जानकारी जुटाते और रात में चोरी करते थे।

चोरी के गहनों को ठिकाने लगाने के लिए दो आभूषण दुकानदारों से संपर्क किया जाता था। आरोप है कि दुकानदार चोरी के सोने-चांदी के गहने कम कीमत पर खरीदते थे।

एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुफस्सिल थाने में चोरी से जुड़े सात मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, एक स्विफ्ट डिजायर कार और दो बाइक भी बरामद की हैं।

एसएसपी के मुताबिक, दूर के इलाकों में चोरी करने के लिए गिरोह कार और आसपास के क्षेत्रों में बाइक का इस्तेमाल करता था।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। सवाल यह है कि जिन सफाईकर्मियों पर शहर की सफाई की जिम्मेदारी थी, वही बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का हिस्सा कैसे बन गए

गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article