NEWS PR डेस्क :अगर आप भी ऑनलाइन पेमेंट के लिए भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI की UPI सेवा का इस्तेमाल करते हैं, तो 19 नवंबर को आपको थोड़ी परेशानी हो सकती है। दरअसल, बैंक ने अपनी UPI सेवाओं को लेकर ग्राहकों के लिए अलर्ट जारी किया है। निर्धारित मेंटेनेंस के कारण 19 नवंबर 2026 को दोपहर 1:15 बजे से 2 बजे तक SBI की UPI सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। ऐसे में इस दौरान Google Pay, PhonePe और अन्य UPI ऐप्स के जरिए SBI खाते से भुगतान करने में दिक्कत आ सकती है।
बैंक ने इस संबंध में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की है। SBI के मुताबिक, निर्धारित मेंटेनेंस एक्टिविटी के कारण करीब 45 मिनट तक UPI सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। हालांकि, बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेंटेनेंस का काम तय समय से पहले पूरा हो सकता है।
UPI Lite से कर सकेंगे भुगतान
SBI ने ग्राहकों को राहत देते हुए बताया है कि सामान्य UPI सेवाएं बाधित रहने के दौरान UPI Lite का इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है। यानी जिन ग्राहकों के UPI Lite वॉलेट में पहले से पैसे मौजूद हैं, वे छोटे भुगतान आसानी से कर सकेंगे। दरअसल, UPI Lite छोटे डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए बनाई गई सुविधा है। इसमें ग्राहक अपने बैंक खाते से पैसे वॉलेट में जमा कर सकते हैं। इसके बाद छोटी खरीदारी के लिए हर बार UPI PIN डालने की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या है UPI Lite की लिमिट?
RBI के नियमों के मुताबिक, UPI Lite के जरिए एक बार में अधिकतम 1,000 रुपये का भुगतान किया जा सकता है। वहीं, इसके वॉलेट में अधिकतम 5,000 रुपये रखे जा सकते हैं। इन सीमाओं को RBI ने दिसंबर 2024 में बढ़ाया था। ऐसे में अगर आपका खाता SBI में है, तो 19 नवंबर को दोपहर 1:15 से 2 बजे के बीच जरूरी ऑनलाइन पेमेंट पहले ही निपटा लेना बेहतर रहेगा। मेंटेनेंस पूरा होने के बाद SBI की सामान्य UPI सेवाएं दोबारा शुरू हो जाएंगी।
SBI ग्राहकों के लिए जरूरी खबर! 19 नवंबर को 45 मिनट बंद रहेंगी UPI सेवाएं, बैंक ने जारी किया अलर्ट
