NEWS PR डेस्क: भागलपुर बाईपास थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुमका मुख्य मार्ग पर होंडा शोरूम के समीप एक तेज रफ्तार कार और स्कूल मैजिक वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कूल वैन में सवार दो बच्चे घायल हो गए।

मौके पर अफरा-तफरी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक की पहचान हुसैनाबाद, गुलाबबाग निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। हालांकि हादसे में कार सवार लोगों की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थानाध्यक्ष चनबीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है
वहीं, लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
