NEWS PR डेस्क:सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-04 में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 9 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

महिला की पहचान गुड्डी देवी के रूप में हुई है। उनका आरोप है कि करीब 10 वर्ष पूर्व उन्होंने मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर से दिल्ली में प्रेम विवाह किया था। हालांकि बाद में उनके पति ने दूसरी शादी कर ली। गुड्डी देवी का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर वह कई बार थाना का चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इसी से नाराज होकर उन्होंने अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। महिला की मांग थी कि जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) मौके पर पहुंचें, तभी वह नीचे उतरेंगी। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही। मामले को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
