बगहा में बचपन बचाओ अभियान की पहल, बच्चों को बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक; सुरक्षित बचपन का दिया संदेश !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मंगलवार को बगहा के सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बचपन बचाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेष न्यायाधीश (उत्पाद) राजीव कुमार द्विवेदी और अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आलोक कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार एवं सुरक्षा की जानकारी दी।


विशेष न्यायाधीश ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बाल शोषण और अनुचित व्यवहार के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक सामग्री भेजे या परेशान करे, तो इसकी जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा भरोसेमंद व्यक्ति को दें।


कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर शोषण से बचाव के लिए सक्षम बनाना था। मौके पर स्कूल निदेशक रंजना सिंह, प्राचार्य आरके पटेल सहित शिक्षक, कर्मी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article