“थाने में घुसकर गोली मार दूंगा”— सोशल मीडिया पर पुलिस को चुनौती, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

महिला थानाध्यक्ष को खुली चेतावनी, पुलिस ने तकनीकी निगरानी से आरोपी को पकड़ा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस और एक महिला थानाध्यक्ष को खुलेआम धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।


महिला थानाध्यक्ष को दी थी जान से मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक बीजधरी थाना की थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेकर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता नजर आया। वीडियो में आरोपी ने दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है। युवक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उसे या उसके परिवार को परेशान किया गया तो वह थाने में घुसकर गोली मार देगा।
विवादित बयान से बढ़ी गंभीरता
वायरल वीडियो में आरोपी ने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि वह “भरत तिवारी की तरह हथियार नहीं फेंकेगा।” इस बयान के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया। पुलिस अब इस बयान के संदर्भ और उसके पीछे की मंशा की भी तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है।
पुलिस पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस उसके माता-पिता को बेवजह परेशान कर रही है। उसने कहा कि यदि पुलिस को उससे कोई पूछताछ करनी है तो सीधे उससे संपर्क करे। उसने यहां तक कहा कि वह अपनी लाइव लोकेशन साझा करने को भी तैयार है। इसके अलावा आरोपी ने अपने भाई की दो वर्ष पूर्व हुई हत्या के लिए स्थानीय प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
महिला पुलिस अधिकारी और थाने को खुलेआम धमकी दिए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सीमा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और सुन्दरापुर गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी से पूछताछ जारी
चकिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संतोष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो जारी करने वाले युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने या पुलिस को धमकाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट

Share This Article