सुपौल: अमित कुमार की सफलता पर गांव में जश्न, फूलों से हुआ भव्य स्वागत

कठिन संघर्ष और मेहनत की मिसाल बने अमित कुमार, BPSC 70वीं में चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत गोठ बरुआरी पंचायत के मोहनिया गांव (वार्ड संख्या-13) निवासी अमित कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी (Financial Administrative Officer) के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

अमित कुमार स्वर्गीय योगेंद्र प्रसाद यादव और कुंती देवी के पुत्र हैं। पिता के असामयिक निधन के बाद उनके चाचा एवं पंचायत के पूर्व उपसरपंच राजेंद्र प्रसाद यादव ने उनका मार्गदर्शन किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद अमित ने अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा सहरसा के निजी विद्यालयों से हुई। इसके बाद उनका चयन सैनिक स्कूल गोपालगंज में हुआ, जहां से उन्होंने स्कूली शिक्षा पूरी की। उच्च शिक्षा उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्होंने न्यायालय सेवा में भी सफलता हासिल की और वर्तमान में वे हाजीपुर न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत हैं।
सफलता की खबर मिलते ही बुधवार को जब वे अपने पैतृक गांव मोहनिया पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में लोग ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और जयघोष के साथ स्वागत के लिए उमड़ पड़े। स्वागत जुलूस हरदी दुर्गा स्थान पहुंचा, जहां उन्होंने माता वनदेवी का आशीर्वाद लिया, इसके बाद हजारीनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद गांव में भव्य जुलूस निकाला गया, जहां रास्ते भर लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। गांव पहुंचने पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की।
इस अवसर पर अमित कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता, स्वर्गीय पिता की प्रेरणा, चाचा राजेंद्र प्रसाद यादव, गुरुजनों और ग्रामीणों को दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह, जदयू के वरिष्ठ नेता अनंत लाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अमित कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि ने पूरे मोहनिया पंचायत और सदर प्रखंड को गौरवान्वित किया है। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article