छठ की तैयारियों का जायजा लेने गंगा में उतरे CM सम्राट चौधरी, स्टीमर से किया घाटों का निरीक्षण; व्रतियों को मिलेगी हर सुविधा

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार सरकार तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दानापुर के नासरीगंज घाट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने स्टीमर पर सवार होकर गंगा किनारे बने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और सुरक्षा, साफ-सफाई समेत श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

छठ महापर्व में अब कुछ ही समय शेष है। ऐसे में घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दानापुर के नासरीगंज पहुंचकर छठ घाटों का निरीक्षण किया। वह स्टीमर पर सवार होकर गंगा किनारे स्थित अलग-अलग घाटों तक पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं को करीब से देखा।

इस मौके पर उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा नेता मंगल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

छठ व्रतियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता:

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन की ओर से समुचित तैयारियां की जा रही हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

दूसरे राज्यों के लोगों को बिहार आने का न्योता:

मुख्यमंत्री ने दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोगों से भी छठ महापर्व के अवसर पर बिहार आने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ बिहार का अपना पर्व है। इसकी परंपरा, आस्था और संस्कृति अद्भुत है। दूसरे राज्यों के लोग बिहार आकर देखें कि यहां कितनी श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ मनाया जाता है। उन्होंने लोगों से छठी मैया की कृपा प्राप्त करने के लिए बिहार आने का आग्रह किया।

पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article