सीवान शूटआउट: BJP नेता के भांजे की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस ने खदेड़ कर मारी गोली

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: सीवान, 29 अप्रैल। सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल हालत में पहले उसे सीवान सदर अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

यह मामला उस वक्त सुर्खियों में आया जब पूर्व MLC और भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज पटना में चल रहा है।

कैसे हुई मुठभेड़?

SP पूरन कुमार झा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी छोटू यादव को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने घटना में चार लोगों के शामिल होने की बात कबूली।
पुलिस जब उसे हथियार बरामद कराने के लिए हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव ले जा रही थी, तभी उसने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान छोटू के दोनों घुटनों में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

मामूली विवाद से खूनी वारदात

पूरी घटना बुधवार शाम करीब 6:30 बजे की है। चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ तिलक समारोह में जाने के लिए सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर परिवार का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को हल्की टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरी कार में सवार बदमाशों ने हथियार निकालकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

मौके पर ही मौत, वीडियो भी आया सामने

फायरिंग में हर्ष कुमार सिंह को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बारिश के बीच सड़क पर अफरातफरी और गोलीबारी साफ दिख रही है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, छोटू यादव का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह हाल ही में छपरा जेल से छूटकर बाहर आया था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस का सख्त संदेश

इस त्वरित कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article