NEWS PR डेस्क: पटना, 26 जून। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से दोबारा नोटिस जारी किए जाने के बाद लालू परिवार ने नए आवंटित सरकारी आवास 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होने की तैयारी तेज कर दी है। फिलहाल नए बंगले में रंग-रोगन, साफ-सफाई और अन्य जरूरी काम तेजी से चल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास का बाहरी स्वरूप भी बदला जा रहा है। मुख्य द्वार सहित पूरे भवन को हरे रंग से रंगा जा रहा है। पहले यह भवन भगवा रंग में रंगा हुआ था। राजनीतिक गलियारों में इसे राजद की पहचान से जोड़कर भी देखा जा रहा है, क्योंकि हरा रंग पार्टी के चुनाव चिन्ह और उसकी राजनीतिक पहचान का प्रमुख हिस्सा माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, पेंटिंग का काम पूरा होने के बाद फर्नीचर की शिफ्टिंग, बिजली से जुड़े कार्य और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद राबड़ी देवी के नए सरकारी आवास में स्थानांतरित होने की संभावना है।

इधर, भवन निर्माण विभाग ने 24 जून को जारी नोटिस में राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास सात दिनों के भीतर खाली करने का निर्देश दिया है। विभाग ने कहा है कि इससे पहले भी कई बार नोटिस और रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं। निर्धारित समयसीमा 29 जून तक आवास खाली नहीं होने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास का आवंटन पहले ही नंदकिशोर राम के नाम किया जा चुका है। हालांकि, राबड़ी देवी के अब तक आवास खाली नहीं करने के कारण नए आवंटी को भवन का कब्जा नहीं मिल सका है। लगभग दो दशक से राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ इसी सरकारी आवास में रह रही हैं।
