गोपालगंज में पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, 50 हजार का इनामी आकाश का हुआ एनकाउंटर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: गोपालगंज, 30 मई। बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी की पहचान थावे थाना क्षेत्र के बरईहाता निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है। वह मनोज सिंह का पुत्र है और जिले के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आकाश कुमार पर हत्या, रंगदारी, लूटपाट समेत करीब एक दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर थावे के पूर्व मुखिया कुरैश मियां की हत्या का भी आरोप है। इसके अलावा हाल ही में उसने एक बड़े स्टील कारोबारी मृत्युंजय कुमार से रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी थी।

बताया जा रहा है कि बिहार एसटीएफ पिछले पांच वर्षों से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। इस बार गोपालगंज पुलिस को उसके मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आकाश कुमार को हथियार बरामदगी के लिए बंजारी बायपास ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय अपराध नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

गोपालगंज पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकते हैं।

Share This Article