भागलपुर में मोहर्रम को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने ताजिया मार्गों का किया निरीक्षण

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: भागलपुर: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील और चिन्हित स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी तथा त्वरित कार्रवाई दल (QRT) की तैनाती की जा रही है।


डीएम और एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
इसी क्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से सराय, किलाघाट, तातारपुर चौक, शाहजहांगी सहित विभिन्न अखाड़ों एवं ताजिया जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यातायात, बैरिकेडिंग और सुरक्षा पर विशेष फोकस
निरीक्षण के बाद एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। जहां कहीं भी छोटी-मोटी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सर्किल इंस्पेक्टर और अन्य पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त कर स्थिति पर नजर रखेंगे।
अफवाहों से बचने और सहयोग की अपील
एसएसपी ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। वहीं ताजिया एवं अखाड़ा समितियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप ताजिया की ऊंचाई रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि बिजली के तारों से किसी तरह की दुर्घटना न हो।
सौहार्द बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जाएगी।।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article