NEWS PR डेस्क:भागलपुर : शहर को जल-जमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने और चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में महापौर, उप-महापौर, नगर आयुक्त, विभिन्न वार्ड पार्षदों एवं नगर निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
24 घंटे के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान टीम ने भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित निर्माणाधीन STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट), भोलानाथ पुल और बौंसी पुल के पास चल रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) कार्यों की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण में कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद नगर आयुक्त द्वारा संबंधित विभागों को 24 घंटे के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, रेलवे यार्ड का STP अभी तक पूरी तरह कार्यशील नहीं होने के कारण गंदा पानी सीधे भोलानाथ पुल के पास नाले में गिर रहा है, जिससे क्षेत्र में लगातार जल-जमाव की स्थिति बनी रहती है। इस पर रेलवे प्राधिकरण को निर्देश दिया गया है कि अपशिष्ट जल को तुरंत STP चेंबर में डायवर्ट किया जाए और केवल उपचारित जल ही बाहर छोड़ा जाए।

इसके अलावा भोलानाथ पुल और बौंसी पुल के नीचे जाम हो चुके रेलवे ड्रेनेज सिस्टम को तत्काल साफ कर जल निकासी व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। मानसून के बाद रेलवे क्षेत्र के कच्चे नाले को पक्की संरचना में बदलने के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार करने को भी कहा गया है।

जल ओवरफ्लो रोकने के लिए चिन्हित स्थानों पर लगभग एक मीटर ऊंची रिटेनिंग वॉल बनाने तथा जहां भूमि अधिग्रहण लंबित है, वहां अस्थायी कच्ची नाली का निर्माण कर जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।निर्माण कार्यों के दौरान पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए सड़कों की प्रतिदिन सफाई और धूल नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलर के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। साथ ही पाइपलाइन शिफ्टिंग को लेकर BUIDCO के साथ शीघ्र संयुक्त सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्पष्ट किया गया है कि पाइपलाइन स्थानांतरण से पहले पुल निर्माण निगम का कार्य किसी भी स्थिति में प्रारंभ नहीं किया जाएगा। सभी सुधारात्मक उपायों को 24 घंटे के भीतर पूर्ण कर फोटो रिपोर्ट के साथ अनुपालन प्रतिवेदन अधोहस्ताक्षरी को सौंपने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने इन सभी निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लागू करने को कहा है, ताकि भागलपुर की जनता को जल-जमाव और धूल प्रदूषण से शीघ्र राहत मिल सके। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
