गया में ग्राम रक्षा दल की भव्य तिरंगा यात्रा, 60 किमी बाइक रैली निकालकर सौंपा मांगपत्र

देशभक्ति के साथ अधिकारों की मांग, तिरंगा यात्रा बनी आवाज़ का मंच

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: गया: बिहार ग्राम रक्षा दल, जिला गया के बैनर तले मंगलवार को सैकड़ों सदस्यों ने विशाल मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवशंकर प्रसाद ने की।

करीब 60 किलोमीटर लंबी यह तिरंगा यात्रा मोहनपुर, बाराचट्टी, डोभी और बोधगया होते हुए जिला समाहरणालय तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों से माहौल को गूंजायमान कर दिया। यात्रा में “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के साथ-साथ ग्राम रक्षा दल के मानदेय और स्थायीकरण की मांग को लेकर भी नारे लगाए गए।
बिहार सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए
समाहरणालय पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देना, युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के मानदेय और स्थायीकरण की मांग पर बिहार सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
तीन सूत्री मांगपत्र भी सौंपा गया
इस अवसर पर जिला प्रशासन को एक तीन सूत्री मांगपत्र भी सौंपा गया, जिसमें ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के मानदेय एवं स्थायीकरण की अनुशंसा, सभी प्रखंडों में प्रशिक्षण शुरू कराने तथा छूटे हुए पंचायतों और वार्डों में ग्राम रक्षा दल के गठन की मांग शामिल है।इस तिरंगा यात्रा में दिलीप कुमार, किशोर कुमार, दीपक कुमार, रिंकू देवी, रंजू कुमारी, पिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा दल के सदस्य शामिल रहे। पूरी यात्रा के दौरान देशभक्ति का उत्साह और अनुशासन देखने को मिला। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article