NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण: बेतिया जिले के नरकटियागंज से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। भसुरारी पेट्रोल पंप के पास खेलते समय 14 वर्षीय बालक हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। दर्द से तड़पते बच्चे की हालत के बीच मौके पर मौजूद भीड़ मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में जुटी रही।

खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घायल बालक की पहचान 14 वर्षीय भुलाई पटेल के रूप में हुई है। वह खेलते-खेलते अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद कई लोग घायल बच्चे की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो और रील बनाने में व्यस्त रहे। इस अमानवीय व्यवहार ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया।
युवक ने दिखाई इंसानियत की मिसाल
इसी बीच गांव के निवासी मनोज कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायल बच्चे को अपने साथी की मदद से उठाया और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, नरकटियागंज पहुंचाया। उनकी तत्परता से बच्चे को समय पर इलाज मिल सका। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि बच्चा करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार सदमे में है और बच्चे की हालत को लेकर चिंतित है। वहीं स्थानीय लोग मनोज कुमार की जमकर सराहना कर रहे हैं, जिन्होंने संकट की घड़ी में इंसानियत का फर्ज निभाया। यह घटना एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती है कि ऐसी परिस्थितियों में प्राथमिकता क्या होनी चाहिए—जान बचाना या वीडियो बनाना। इस बीच, मनोज कुमार का कदम मानवता की मिसाल के रूप में सामने आया है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
