रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी, मालगाड़ी के इंजन से पहुंची पटना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: देश की आधुनिक सेमी हाईस्पीड ट्रेनों में शामिल रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (22350) रविवार देर रात तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इंजन में आई गड़बड़ी के कारण ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थिति ऐसी बनी कि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए मालगाड़ी का इंजन लगाकर गया और फिर पटना तक रवाना किया गया।


जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस का गया जंक्शन पर निर्धारित आगमन समय रात 8:40 बजे था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन करीब 11:30 बजे पहुंची। इस दौरान ट्रेन कई स्थानों पर रुक-रुक कर चलती रही, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इंजन में खराबी आने के बाद ट्रेन को बरकाकाना स्टेशन पर रोककर तकनीकी जांच की गई। रेलवे के इंजीनियरों ने काफी देर तक मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।
इसके बाद ट्रेन के परिचालन को बाधित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। रेलवे ने मालगाड़ी का इंजन लगाकर वंदे भारत एक्सप्रेस को गया होते हुए पटना के लिए रवाना किया। आधुनिक सेमी हाईस्पीड ट्रेन में मालगाड़ी का इंजन जोड़कर यात्रा पूरी कराए जाने की घटना यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। तकनीकी खराबी के कारण कोडरमा समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्री अपने गंतव्य तक देर से पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को स्थिति की जानकारी देते हुए संयम बनाए रखने की अपील की।
रेलवे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। वहीं, तकनीकी टीम इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article