NEWS PR डेस्क: पटना/दानापुर,14 जुलाई। पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। त्रिभुवन मोड़ स्थित ‘द ड्रैगन होटल’ में की गई संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल संचालकों, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया है।
यह कार्रवाई दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में खगौल और रूपसपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस ने होटल परिसर की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में कंडोम, सेक्स वर्धक दवाइयां और 40 हजार रुपये से अधिक नकद बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को पश्चिम बंगाल से लाकर कथित तौर पर देह व्यापार में धकेला गया था। मामले में पुलिस ने दो होटल संचालकों और एक महिला दलाल को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इस कथित सेक्स रैकेट का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मानव तस्करी के पहलुओं से भी मामले की पड़ताल की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
