NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 15 जुलाई। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने मंगलवार को प्रमंडल कार्यालय स्थित सभागार में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, भवन निर्माण स्वीकृति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आयुक्त ने दरभंगा जिला आयोजना क्षेत्र अनुश्रवण प्राधिकार के गठन और उससे जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे हो सकें।
नगर आयुक्त ने बैठक में शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नालों की उड़ाही और साफ-सफाई की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इस पर आयुक्त ने सभी नगर निकायों को नियमित सफाई अभियान चलाने और बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से बचने के लिए नालों की समय पर सफाई कराने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने छोटे नगर निकायों में भवन निर्माण के नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया की भी समीक्षा की और अधिकारियों से नागरिकों के आवेदनों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, सम्राट अशोक भवन निर्माण योजना और जल-जीवन-हरियाली अभियान समेत अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर आयुक्त ने सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में एंटी लार्वा दवा का नियमित छिड़काव कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि डेंगू और अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो सके।
उन्होंने उप नगर आयुक्त को विशेष रूप से दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में जलजमाव नहीं होने देने के लिए आवश्यक पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी चापाकलों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी, नगर आयुक्त, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
