NEWS PR डेस्क: भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बड़े भाई पर अपने ही छोटे भाई को गोली मारने का आरोप लगा। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

घायल की पहचान स्वर्गीय गोकुल शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार शर्मा के रूप में हुई है। मंटू का आरोप है कि उसने अपनी भाभी के कथित अनैतिक संबंधों का विरोध किया था। इसी बात को लेकर पहले बड़े भाई से उसकी कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के बाद बड़ा भाई घर से राइफल लेकर आया और उस पर गोली चला दी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल मंटू को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे इलाज के लिए आरा के ही एक निजी अस्पताल ले गए, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल घायल युवक के बयान के आधार पर बड़े भाई पर गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट।
