NEWS PR डेस्क: सुपौल: जिले के पिपरा प्रखंड से एक दुखद खबर सामने आई है। जवाहर प्रेम लाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, बसहा के प्रभारी प्रधान शिक्षक मो. कलीम उद्दीन की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान नेपाल में मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को प्रभारी प्रधान शिक्षक मो. कलीम उद्दीन अपने विद्यालय के क्लर्क रंजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवोदय विद्यालय के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद मो. कलीम उद्दीन को बेहतर इलाज के लिए नेपाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल क्लर्क रंजीत कुमार का इलाज अभी जारी है।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
मो. कलीम उद्दीन नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-21 के निवासी थे। वे अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके निधन से विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, सुपौल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक शिक्षक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
