राजधानी पटना में सड़कों पर बेतरतीब खड़ी होने वाली बाइकें अब ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह नहीं बनेंगी। शहर में जल्द ही बिहार की पहली स्वचालित (ऑटोमेटेड) टू-व्हीलर पार्किंग शुरू होने जा रही है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। तकनीकी जांच और सॉइल टेस्टिंग सफल होने के बाद शनिवार से निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है।

इन तीन प्रमुख स्थानों पर बनेगी पार्किंग
शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड टू-व्हीलर पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसमें शामिल हैं—कदमकुआं वेंडिंग जोन के पास, पटना जंक्शन स्थित मल्टीमॉडल हब, मौर्यलोक कॉम्प्लेक्स। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर 96 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगेगी, वाहनों की सुरक्षा बढ़ेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
4.65 करोड़ रुपये की परियोजना
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 4.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पिछले महीने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका शिलान्यास किया था। यह परियोजना पटना स्मार्ट सिटी के तहत विकसित की जा रही है। यह बिहार की पहली ऑटोमेटेड बाइक पार्किंग होगी, जिसमें आधुनिक शटल डॉली सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीक के जरिए कम जगह में अधिक संख्या में बाइक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पार्क की जा सकेंगी।
दिल्ली की एजेंसी करेगी निर्माण
परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी दिल्ली की एक विशेष एजेंसी को सौंपी गई है। वहीं, निर्माण की विस्तृत तकनीकी ड्राइंग एनआईटी की विशेषज्ञ टीम ने तैयार की है, जिसे अंतिम मंजूरी मिल चुकी है। अब तय समयसीमा के अनुसार निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
छह महीने में होगा काम पूरा
पटना स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार, पूरी परियोजना को छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यदि काम तय समय पर पूरा हुआ, तो नए साल 2027 में राजधानीवासियों को आधुनिक और स्वचालित बाइक पार्किंग की सुविधा मिल जाएगी, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बड़ा फायदा होगा।
