NEWS PR डेस्क: पटना, 21 जुलाई। बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) की अधिसूचना जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी कर दी जाएगी। यह जानकारी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान दी है।
दरअसल, सदन में विपक्ष की ओर से शिक्षक बहाली कैलेंडर के पालन और TRE-4 की अधिसूचना में हो रही देरी को लेकर सरकार से जवाब मांगा गया था। प्रश्न में कहा गया कि वर्ष 2025 में जारी भर्ती कैलेंडर के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी और 2026 में भी अब तक नई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
इस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार योग्य अभ्यर्थियों को जल्द अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर रही है। अधिसूचना जारी होने के बाद रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत शुरू की जाएगी।
शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद लंबे समय से TRE-4 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जगी है।
