छात्र प्रदर्शन:40 हिरासत में, 500 अज्ञात पर मामला दर्ज;यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी जांच के घेरे में

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:राजधानी पटना में छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बुधवार देर रात व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाली, गांधी मैदान और सचिवालय थाना पुलिस ने करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसके अलावा 40 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने गांधी मैदान, कदमकुआं, बहादुरपुर, बोरिंग रोड, बुद्धा कॉलोनी समेत कई इलाकों में देर रात तक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रदर्शन की योजना किसने बनाई और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी।
पुलिस साइबर सेल भी सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वीडियो तथा कुछ यूट्यूब चैनलों एवं कंटेंट क्रिएटर्स की गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
बुधवार को हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों की रणनीति और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस जब-जब बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास करती, भीड़ बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ जाती। करीब छह घंटे तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच लगातार तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब डाकबंगला चौराहा और बेली रोड इलाके में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शन के दौरान पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार के सरकारी वाहन और कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
इसके अलावा, भाजपा विधायक रोहित पांडे के वाहन को पलटने का प्रयास किए जाने और उनके साथ मारपीट का आरोप भी सामने आया है। वहीं भाजपा विधायक विनय बिहारी तथा पार्टी नेता अजय सिंह के वाहनों के शीशे भी तोड़े गए। इन घटनाओं की भी पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article