NEWS PR डेस्क: सुपौल: जिले के पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित बिहार राज्य खाद्य निगम (SFC) के गोदाम में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने गोदाम का शटर तोड़कर बड़ी मात्रा में चावल गायब कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गोदाम प्रबंधन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि शाम ढलने के बाद पिपरा स्थित SFC गोदाम संख्या-8 में चोरी की वारदात हुई। गोदाम में चोरी की सूचना मिलने के बाद असिस्टेंट गोदाम मैनेजर (AGM) रमेश दास को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद वह रात करीब 10 बजे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे गोदाम का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पाया गया कि गोदाम से करीब 38 से 40 बोरी चावल गायब हैं। AGM रमेश दास ने बताया कि चोरों ने गोदाम का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी तत्काल बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को भी दे दी गई है।
फिलहाल गोदाम प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। चोरी की इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
