दरभंगा में NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, पुलिस जवानों को बांधी राखी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क :NEET प्रश्नपत्र लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को दरभंगा में छात्रों ने शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर तक निकाली रैली
प्रदर्शन की शुरुआत कर्पूरी चौक से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं का जुलूस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए लहेरियासराय टावर तक पहुंचा। पूरे प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
छात्राओं ने पुलिस जवानों को बांधी राखी, दिया भाईचारे का संदेश
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों में फूल और राखी लेकर एक अलग संदेश दिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधकर यह जताया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
छात्राओं ने कहा कि वे पुलिसकर्मियों का सम्मान करती हैं और उन्हें अपना भाई मानती हैं। उनका आंदोलन किसी प्रकार का उपद्रव नहीं, बल्कि न्याय, पारदर्शिता और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर है।
“दोषियों को मिले सजा, छात्रों के भविष्य से न हो खिलवाड़”
प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके और मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो।
उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा कायम रहना चाहिए।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच प्रशासन रहा मुस्तैद
पूरे विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।दरभंगा से रवि झा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article