NEWS PR डेस्क: पटना, 29 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, ताकि प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अब से राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को हाफ-डे (आधा दिन) पढ़ाई होगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मॉडल विद्यालय, राजकीय डिग्री महाविद्यालय और हरपुर मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया।
मॉडल विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि चयनित मॉडल विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था और समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हर प्रखंड में उच्च शिक्षा का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है।
उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज संचालित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को लाइव क्लास और डिजिटल ऐप के माध्यम से रात 11 बजे तक शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

शनिवार को होगी हाफ-डे पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। इसके बाद खेल-कूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान के विकास की भी घोषणा की।
हरपुर में मॉडल थाना भवन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक पुलिस अवसंरचना से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने बताया कि नए थाना भवन में जनसुनवाई, अभिलेख प्रबंधन, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सहायता कक्ष, वायरलेस और कंप्यूटर कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
तारापुर में उद्योग और एयरपोर्ट की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और मुंगेर-तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, विक्रमशिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
