NEWS PR डेस्क: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी प्रखंड स्थित एक सरकारी विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अश्लील और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक शाहिल खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शिक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशिष्ट शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

छात्राओं ने प्रधानाध्यापक से की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, विद्यालय की कई छात्राओं ने आरोप लगाया था कि शिक्षक शाहिल खुर्शीद कक्षा के दौरान उनके सामने आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते थे। छात्राओं का कहना है कि इस व्यवहार से वे मानसिक रूप से परेशान थीं। इसके बाद छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय लखौरा थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
अभिभावकों के विरोध के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और विद्यालय पहुंचकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद विद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई
मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में छात्राओं के साथ कथित अश्लील व्यवहार और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षाएं संचालित नहीं करने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने आरोपी शिक्षक के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
शिक्षा विभाग के अनुसार, शिक्षक का आचरण बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023 और बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया है। निलंबन अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रक्सौल निर्धारित किया गया है।
विभागीय जांच और पुलिस जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच के लिए अलग से आरोप-पत्र जारी किया जाएगा। वहीं, पुलिस भी मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता और छात्राओं से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
