NEWS PR डेस्क: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस चुनाव में 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस सीट पर मुख्य मुकाबला एनडीए की ओर से भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, महागठबंधन की राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। मतदान शुरू होने से पहले जन सुराज के संस्थापक और पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने पूजा-अर्चना की और जीत की कामना की। इसके बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रशांत किशोर ने कहा, “जैसा हमने कहा था, कोई ड्रामा नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने जन सुराज के 16 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया और अलग-अलग थानों में रखा। काफी देर तक किसी को यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें कहां ले जाया गया है। बाद में पता चला कि उन्हें दानापुर और शाहपुर थाना भेजा गया। यदि उन्होंने कोई अपराध किया है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए, लेकिन सिर्फ चुनाव से दूर रखने के उद्देश्य से उन्हें हिरासत में लेना उचित नहीं है। पटना के करीब 10 कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया है और अब तक पुलिस ने यह नहीं बताया कि उनका अपराध क्या है।”
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और उनकी पत्नी नीता चौधरी ने भी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद अशोक चौधरी ने कहा, “हम उस विचारधारा को मजबूत कर रहे हैं, जिसमें हमारा विश्वास है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर किसी तरह का मुकाबला नहीं है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारी जीत सुनिश्चित होगी।” फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासन ने निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
