गया: बिहार के गया जिले से बड़ी खबर सामने आई है। शेरघाटी थाना क्षेत्र के ढाब चिडैया पंचायत अंतर्गत फिटकीचक गांव के समीप शेरघाटी थाने में तैनात एक चौकीदार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके हाथ पर टांके लगाए गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
ड्यूटी से लौटते समय रास्ते में रोका, फिर किया हमला
घायल की पहचान शेरघाटी थाने में पदस्थापित चौकीदार शिव कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने घर ढाब चिडैया लौट रहे थे, इसी दौरान फिटकीचक गांव के पास गांव के ही चंदन सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पहले उसने मोटरसाइकिल खड़ी करने को कहा और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
सीने, जांघ और हाथ पर किए ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने धारदार हथियार निकालकर चौकीदार पर हमला कर दिया। पहला वार सीने के पास किया गया, जबकि दूसरा हमला बाईं जांघ पर हुआ। बचाव के दौरान शिव कुमार यादव के बाएं हाथ के पंजे में भी गहरा घाव हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनके हाथ के जख्म पर तीन से चार टांके लगाए। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
‘कोई पुरानी रंजिश नहीं थी’— घायल चौकीदार
घायल चौकीदार शिव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी से उनकी कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं था। उनके अनुसार, चंदन सिंह नशे की हालत में था और बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि आखिर हमला क्यों किया गया, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गया से रिपोर्टर आशीष कुमार