पश्चिम चंपारण: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण के एसएसपी कुमार गौतम गुरुवार को अपने गोद लिए शिकारपुर थाना पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित कांडों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही वारंटों की तामिला और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
थाना परिसर और निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और पर्यवेक्षीय पदाधिकारी संतोष शर्मा के साथ थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बैठक के लिए बनाए गए पब्लिक सेल, निरीक्षक कार्यालय तथा निर्माणाधीन अग्निशमन कार्यालय भवन का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने थाना परिसर में बेहतर कार्य व्यवस्था और जनसुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
अनुसंधान में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी कुमार गौतम ने अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी समय पर और पूरी गंभीरता के साथ लिखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले के अनुसंधान में लापरवाही या देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने और प्रत्येक मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया मजबूत हो और मामलों का शीघ्र निष्पादन संभव हो सके।
आम जनता का विश्वास मजबूत करने पर दिया जोर
एसएसपी ने कहा कि निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध पुलिस कार्रवाई से लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे वादियों को राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो। उन्होंने अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तिआज़ ]