गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 14 वर्षीय किशोर 1 लाख 33 हजार वोल्ट क्षमता वाली हाई वोल्टेज बिजली लाइन के करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। यह घटना कारी पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित नारायणपुर गांव की है। टावर पर किशोर को चढ़ा देखकर आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और धैर्य एवं सूझबूझ के साथ उसे लगातार नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करते रहे। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद किशोर सुरक्षित नीचे उतर आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
परिजनों की डांट के बाद घर से निकला किशोर
मुखिया प्रतिनिधि विजय राजवंशी ने बताया कि किशोर की पहचान अंकित कुमार (14) के रूप में हुई है। वह बेगूसराय जिले का रहने वाला है और उसके पिता का नाम विकास कुमार है। अंकित इन दिनों वजीरगंज प्रखंड के नारायणपुर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई थी, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गया और सीधे हाई वोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ गया।
ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ, लगातार करते रहे समझाने का प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। टावर की ऊंचाई और हाई वोल्टेज लाइन को देखते हुए हर कोई किसी अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने धैर्य नहीं खोया और लगातार किशोर से शांत होकर नीचे उतरने की अपील करते रहे। लोगों ने जल्दबाजी करने के बजाय समझदारी से स्थिति को संभाला, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
सुरक्षित नीचे उतरने पर लोगों ने ली राहत की सांस
घंटों की मशक्कत और ग्रामीणों की समझाइश के बाद अंकित कुमार आखिरकार सुरक्षित नीचे उतर आया। उसके नीचे आते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते संयम और सतर्कता नहीं दिखाई जाती तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। घटना के बाद पूरे इलाके में इस बात की चर्चा होती रही कि लोगों की सूझबूझ और धैर्य ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार